पटवाई। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ता बुधवार को ट्रैक्टर रैली लेकर थाने पहुंचे और क्षेत्र के कुछ लोगों पर आरोप लगाते हुए ज्ञापन सौंपा। संघ के जिलाध्यक्ष बीरेश शर्मा ने ज्ञापन में कहा कि संगठन की आड़ में फर्जी नेता बनकर उच्च अधिकारियों को शिकायती पत्र दिए जा रहे हैं।
इसके जरिये पटवाई के किसान राजीव पुत्र सोमपाल के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराने के लिए पुलिस पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस जांच में शिकायतें झूठी पाई गई हैं।
बीरेश शर्मा ने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति अपराधी किस्म का है और पुलिस पर दबाव बनाता है। आरोप है कि उसे थाने में सम्मान मिलता है, जबकि किसानों को दुत्कारा जाता है।
भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो रामपुर मुख्यालय पर सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर ओमकार शर्मा, संजय यादव, केशव उर्फ उपेंद्र, वीरेंद्र सिंह, विजय शर्मा आदि मौजूद रहे।