शाहबाद। किसान की हत्या के बाद सोमवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो परिवार में फिर से चीख-पुकार मच गई। शव देखते ही परिजन बिलख पड़े। परिजनों के आक्रोश और गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अंतिम संस्कार के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए।
नौ अगस्त की शाम करीब 7:30 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किसान के शव का अंतिम संस्कार कराया गया। इससे पहले शव के गांव पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने किसान की हत्या के मामले में गांव के प्रधान, पूर्व प्रधान समेत नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतक की बेटी ने सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव का अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था।
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए समझाया और जल्द गिरफ्तारी की बात कही, जिसके बाद शव का अंतिम संस्कार कराया जा सका। घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए अधिक पुलिस को तैनात किया गया था।
सीओ देवकीनंदन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अंतिम संस्कार हो गया है। हालांकि चर्चा है कि पुलिस ने नामजद तीन लोगों को पकड़ कर पूछताछ की है, लेकिन सीओ ने तीनों की गिरफ्तारी से इन्कार किया है।
000
जांच के लिए पहुंचे एएसपी
शाहबाद। किसान की मौत के बाद और शव पहुंचने के दौरान गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को पटवाई, शाहबाद और सैफनी थाने की पुलिस गांव में तैनात रही। अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और परिजनों व ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मामले की जांच के लिए एएसपी अनुराग सिंह भी सोमवार शाम कोतवाली पहुंचे। संवाद
000
हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस, जांच शुरू
शाहबाद। किसान की मौत के मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या की गुत्थी में उलझी है। हालांकि पुलिस ने किसान की हत्या के मामले में परिजनों की तहरीर पर हत्या का मामला जरूर दर्ज कर लिया है, लेकिन मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिलने के बाद पुलिस आत्महत्या में उलझ गई है। पुलिस सुसाइड नोट की जांच कर रही है। जांच के बाद ही पुलिस स्थिति साफ कर पाएगी। अफसरों का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद
0000
छेड़खानी मामले में किसान का वायरल वीडियो, पुलिस जांच में जुटी
शाहबाद। छेड़खानी का मामला वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने के आरोपों के बीच किसान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो एक वरिष्ठ प्रशासनिक कार्यालय के बाहर बनाया गया था।
वीडियो में किसान रोते हुए मामला वापस लेने के लिए दबाव बनाए जाने की बात कह रहा है। वायरल वीडियो में किसान वही बातें दोहरा रहा है, जिनका जिक्र उसके सुसाइड नोट में किया गया था। किसान की मौत के बाद परिजनों ने भी मुकदमे में समझौते के दबाव के आरोप लगाए थे। वीडियो सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता। संवाद