ट्रैक्टर-ट्राली से खेत से गेहूं भरकर ला रहा किसान झटका लगने से ट्रैक्टर से गिर गया। ट्राली के टायर के नीचे दबने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए अंतिम संस्कार कर दिया है।
थाना क्षेत्र के टाहकला गांव निवासी बलजीत सिंह (40) अपने पिता बलविंदर सिंह के साथ मंगलवार को खेत पर गया था। यहां से देर रात पिता-पुत्र अपने ट्रैक्टर-ट्राली में गेहूं भरकर वापस आ रहे थे। ट्रैक्टर बलविंदर सिंह चला रहे थे, इसी दौरान टाहकला गांव में ही झटका लगने से बलजीत ट्रैक्टर से झिटककर नीचे गिर गया।
बलजीत के गिरने का उसके पिता को पता नहीं चला और उन्होंने ट्रैक्टर नहीं रोका। जिससे ट्राली का टायर बलजीत के ऊपर चढ़ गया। कुछ दूर आगे जाने पर जब बलविंदर ने देखा कि बलजीत ट्रैक्टर पर नहीं है, तो उसने पीछे जाकर बेटे की तलाश की। बलजीत तड़पता हुआ गंभीर घायल अवस्था में उसे मिला।
बलविंदर ने तुरंत हादसे की सूचना परिजनों को दी और बलजीत को अस्तपाल ले जाने के लिए गाड़ी मंगाई लेकिन परिजनों के अस्पताल लेकर पहुुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। बलजीत की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बलजीत की दस साल की बेटी और आठ साल का बेटा है।