शाहबाद-रामपुर रोड स्थित रेवड़ी कलां गांव के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर खंदी में जा गिरी। हादसे में ट्रैक्टर पर बैठे एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना मिलक के गांव क्योरार निवासी सुमित पांडे बुधवार शाम गन्ना लेकर राणा शुगर मिल जा रहा था। ट्रैक्टर विशाल चला रहा था। इसी दौरान शाहबाद की ओर से आ रहे एक ट्रक ने ओवरटेक के फेर में ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रैक्टर चालक नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली खंदी में पलट गए। हादसे में ट्रैक्टर स्वामी किसान सुमित पांडे और चालक विशाल ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए। हादसा होते देख मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई।
राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी, जिस पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक सुमित पांडे की मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक विशाल को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर उसकी हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है।