रामपुर। अवैध खनन को लेकर प्रशासन की ओर से फिर से अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन अवैध तरीके से बाॅडी बढ़ाकर सड़कों पर दौड़ रहे 12 डंपरों का चालान कर दिया गया और अतिरिक्त बॉड़ी को तुड़वाया गया। जबकि तीन डंपरों से 2.50 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। डीएम ने साफ किया कि चालान के बाद भी सड़कों पर दौड़ने वाले वाहनों को अब ब्लैक लिस्टेड किया जाएगा।
अवैध खनन को लेकर प्रशासन की ओर से फिर से अभियान शुरू किया गया है। जिलाधिकारी जोगिंदर सिंह के निर्देश पर तहसील टांडा और स्वार क्षेत्र में अवैध तरीके से बॉडी बढ़ाकर परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। एसडीएम टांडा अनुराग सिंह ने तहसील क्षेत्र में संचालित सभी स्टोन क्रेशरों एवं ग्राम अकबराबाद क्षेत्र में अभियान चलाया। इस दौरान एसडीएम ने स्टोन क्रेसरों पर सात डंपर और अकबराबाद क्षेत्र में पांच डंपर सहित कुल 12 डंपरों को चिन्हित करके उनकी अतिरिक्त बॉडी को तुड़वाया साथ ही डंपरों की फोटो सहित रिपोर्ट एआरटीओ राजेश श्रीवास्तव को भेजी। एसडीएम की रिपोर्ट के आधार पर एआरटीओ द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट की सुसंगत धाराओं में चालान की कार्यवाही की गई है। एआरटीओ ने भी तहसील स्वार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने अतिरिक्त बॉडी के साथ परिवहन करने वाले तीन वाहनों को सीज करते हुए उनके विरुद्ध ढाई लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बॉडी के साथ परिवहन करने वाले वाहनों के विरुद्ध जुर्माना एवं चालान सहित अन्य कठोर कार्रवाई की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नियमानुसार चालान करने के उपरांत डंपर तब तक संचालित नहीं हो सकते हैं जब तक उनकी मानकों के अनुरूप बॉडी दुरुस्त न हो जाए और चालान के दौरान निर्धारित शर्तें पूरी न कर ली गई हों। एआरटीओ ने बताया कि ऐसे डंपर जो चालान के बाद भी संचालित होते हुए पाए जाएंगे तो उनके विरुद्ध ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
जिलाधिकारी द्वारा गठित टास्क फोर्स की नजर लगातार अवैध खनन पर टिकी हुई है। टीम तहसीलों के मुख्य चौराहों पर बने 15 चैक प्वाइंट रात के वक्त चेकिंग कर रही है। यह अभियान 31 जुलाई तक प्रभावी रहेगा।