रामपुर। जिले के परिषदीय स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। दिसंबर में होने वाली निपुण परीक्षा पहली बार निपुण प्लस एप के माध्यम से कराई जाएगी।
इसका उद्देश्य प्राथमिक कक्षाओं में पढ़ने वाले बच्चों की भाषा और गणित में दक्षता को परखना है, ताकि जो कमियां मिले, उनको दूर कर प्रत्येक बच्चे को निपुण किया जा सके।
बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से इसको लेकर लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। परीक्षा संचालन, मूल्यांकन और रिपोर्ट तैयार करने की पूरी प्रक्रिया अब डिजिटल माध्यम से होगी। इस नई व्यवस्था से समय की बचत के साथ पारदर्शिता भी बढ़ेगी। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा से पहले शिक्षकों को एप के उपयोग का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से दिया जाए। हर विद्यालय में टैबलेट या स्मार्टफोन के जरिये प्रश्नपत्र हल कराए जाएंगे। एप के माध्यम से बच्चों के उत्तरों का मूल्यांकन स्वत: हो जाएगा और परिणाम तुरंत तैयार हो जाएगा। इससे शिक्षकों पर काम का बोझ भी कम होगा और परीक्षा प्रक्रिया में मानव त्रुटि की संभावना समाप्त हो जाएगी।