जिले में एक बार फिर अभ्यर्थियों का मेला लगने वाला है। चकबंदी लेखपाल भर्ती के लिए आठ नवंबर को प्रवेश परीक्षा होगी। इसके लिए जिले में 19 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी जुटेंगे। जिले के 46 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में अभ्यर्थियों को नियंत्रित करने में पुलिस-प्रशासन पसीना बहाना पड़ेगा।
हालांकि पुलिस-प्रशासन का दावा है कि इसके लिए कमर कस ली गई है। कुछ माह पहले चकबंदी विभाग में लेखपालों की भर्ती के लिए परीक्षा की प्रक्रिया को शुरू की थी। प्रदेश भर में अब लिखित परीक्षा एक साथ कराने की तैयारी है। आठ नवंबर को लिखित परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा के लिए रामपुर को भी केंद्र बनाए गए हैं।
रामपुर में 19,708 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के लिए जिले में 46 केंद्र बनाए गए हैं। शहर ही नहीं बल्कि जिले के ग्रामीण इलाकों के स्कूल-कालेजों को भी परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। इतनी बढ़ी संख्या में अभ्यर्थियों के जुटने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है।
परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों से लेकर रेलवे और रोडवेज बस स्टेशनों पर व्यवस्थाएं कराने की तैयारी की जा रही हैं। केंद्र व्यवस्थापकों के साथ मंथन करना शुरू कर दिया गया है।