शाहबाद। रामगंगा नदी में डूबे डी-फार्मा के छात्र का 28 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है लेकिन मंगलवार शाम तक सफलता हाथ नहीं लगी।
मोहल्ला दीवान निवासी आलेनबी का 19 वर्षीय बेटा मोहम्मद मोईज उर्फ मोनू सोमवार दोपहर करीब दो बजे ढकुरिया रामगंगा घाट पर नहाते समय गहरे पानी में डूब गया था। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने देर रात तक युवक की तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह मुरादाबाद से शाहबाद पहुंची एसडीआरएफ टीम ने बोट की मदद से पूरे दिन सर्च ऑपरेशन चलाया।
बावजूद इसके शाम करीब छह बजे तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। बताया गया है कि मोईज अपने फुफेरे भाई फिरोज और दिल्ली के शास्त्री पार्क से आए मेहमान कमाल, सलमान और लाला के साथ ढकुरिया घाट पर नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों में खासकर महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है।