रामपुर। जिले भर में शुरू हुई दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी के चलते रविवार को सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। शहर से लेकर गांवों तक के बाजार बंद रहे। इस बीच पुलिस और प्रशासनिक अफसर गश्त करते हुए नजर आए। इस दौरान अफसरों ने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की। हालांकि, इस बंदी के दौरान आवश्यक सेवाएं जारी रहीं। साथ ही नगर पालिका की ओर से सैनिटाइजेशन अभियान भी चलाया गया।
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बाद सरकार की ओर से लॉकडाउन लगा दिया गया था। लेकिन, कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी देखने के बाद सरकार ने ऐसे जिलों से लॉकडाउन हटाने का ऐलान कर दिया, जहां सक्रिय संक्रमितों की तादात कम है। किन्तु, साप्ताहिक बंदी समाप्त नहीं हुई है। ऐसे में रविवार को भी सड़कें भी सूनी रहीं। शहर से लेकर गांव तक की दुकानें बंद रहीं। शहर के मिस्टन गंज, बाजार नसरुल्ला खां, शादाब मार्केट, राजद्वारा, टैक्सी स्टैंड रोड समेत अन्य स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा। ज्वाला नगर में भी सन्नाटा पसरा रहा, जिसके चलते दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि, आवश्यक सेवाएं जारी रहीं। फल, सब्जी एवं दवा की दुकानें खुली रहीं। पुलिस और प्रशासन के अफसर लगातार भ्रमणशील रहे। शहर में बेवजह घूमने वालों को ताकीद दी। वहीं, नगर पालिका की ओर से शहर के कंटेनमेंट जोन एवं बाकी इलाकों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया।