काठगोदाम-हावड़ा (बाघ एक्सप्रेस) का शुक्रवार सुबह इंजन फेल हो गया। जिस कारण ट्रेन को बिलासपुर और चमरौआ के बीच करीब डेढ़ घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। इस दौरान काठगोदाम की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों को भी जहां-तहां बीच रूट में रोकना पड़ा। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंजन फेल नार्दन-ईस्टर्न रेलवे के क्षेत्र में हुआ। जिस पर एनईआर द्वारा दूसरे इंजन का इंतजाम किया गया और ट्रेन को रवाना किया गया। जिसके बाद अन्य ट्रेनों का भी संचालन सुचारु किया गया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
हावड़ा से काठगोदाम जाने वाली बाघ एक्सप्रेस का इंजन शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे फेल हो गया। ट्रेन जैसे ही चमरौआ से निकली कुछ दूर बाद ही चमरौआ-बिलासपुर के बीच ट्रेन का इंजन फेल हो गया। कुछ देर तक तो यात्री लाइन क्लियर न होने की आशंका के चलते इंतजार करते रहे। लेकिन, जब एक घंटे तक ट्रेन नहीं चली तो यात्री बेहाल हो गए। यात्रियों ने जानकारी जुटानी शुरू कर दी। जिस पर पता चला कि ट्रेन का इंजन फेल हो गया। आनन-फानन में सूचना एनईआर के अफसरों को दी गई। जिस पर दूसरे इंजन का इंतजाम किया गया।
बाघ एक्सप्रेस का इंजन फेल होने के कारण काठगोदाम-रामनगर पैसेंजर, काठगोदाम से दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और दिल्ली से काठगोदाम जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा। यह तीनों ट्रेन भी करीब डेढ़ घंटे तक विलंब से पहुंची। बाघ एक्सप्रेस का इंजन बदलकर सुबह करीब पौने दस बजे रवाना किया गया। इस कारण काठगोदाम-रामनगर पैसेंजर दोपहर करीब 12 बजे और संपर्क क्रांति एक्सप्रेस इसके बाद रामपुर पहुंची।