रामपुर। जिले के रामपुर ,शाहबाद और टांडा तहसील के युवाओं के लिए रोजगार मेले का आयोजन बुधवार (24 मार्च )को 11 बजे से जिला सेवा योजन कार्यालय में होगा। इसके अलावा बिलासपुर,मिलक और स्वार तहसील सभागार में रोजगार मेले का आयोजन होगा। इस मेले में सिक्योरिटी गार्ड समेत मार्केटिंग के विभिन्न पदों के लिए भी साक्षात्कार होंगे। पिछले चार साल में जिले में बेरोजगारी दोगुनी रफ्तार से कम हुई है। पहले जहां करीब तीन सौ युवाओं को रोजगार मिल पाता था, वहां सिर्फ जिला सेवायोजन कार्यालय से करीब दो हजार बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक जिले 4006 युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को रोजगार देने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं। यही वजह है जो सेवायोजन विभाग पहले से अधिक सक्रियता के साथ काम करने लगा है। चार साल पहले की बात की जाए तो युवाओं को रोजगार दिलाने के मामले में उतना बेहतर काम नहीं हुआ था, जितना अच्छा काम अब किया गया है। यहां तक कि लॉकडाउन की अवधि के दौरान भी युवाओं को काफी बड़े़ पैमाने पर रोजगार दिलाया गया है।