रामपुर। रामपुर रोडवेज डिपो में इस समय महिला परिचालकों की भर्ती पर जोर दिया जा रहा है। रोजगार मेले के जरिए भी कई महिला परिचालकों का आना तय है लेकिन चालकों की कमी को पूरा करने के लिए अभी तक प्रयास नहीं किया जा रहा है। यही वजह है कि लंबी दूरी वाली बसों में दो चालकों को रखने का मानक पूरा नहीं हो पा रहा है।
रामपुर मौजूदा समय में 108 बसें संचालित हैं और इन बसों से यात्री गोरखपुर, दिल्ली, आगरा, बरेली, मेरठ, मुरादाबाद समेत अन्य जिलों में सफर कराती हैं। दूर-दराज वाले इलाकों में एक बस में दो चालकों को रखा जाता है, ताकि एक के थक जाने पर दूसरा किलोमीटर पूरा कर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचा सके लेकिन रामपुर में ऐसा नहीं हो पा रहा है।
दरअसल, रामपुर रोडवेज डिपो का मानक 208 चालक और 208 परिचालक का है लेकिन अभी नियमित और संविदा पर मिलाकर 160 चालक हैं, इनमें भी कोई छुट्टी पर तो किसी को अन्य कार्य की वजह से जाना पड़ता है, जिस वजह से काम में दिक्कत आ रही है। ऐसे में चालकों की पूर्ति मानक के अनुसार नहीं हो पा रही है। हालांकि, परिचालकों की ज्यादा दिक्कत नहीं आ रही है। ऐसा इसलिए भी है कि अभी हाल ही में 16 नई महिला परिचालक विभाग को मिल चुकी है। इसके अलावा अभी अन्य परिचालकों की भर्ती होने जा रही है। इधर, डिपो प्रभारी बताते हैं कि अभी जल्द ही चालकों की भर्ती भी होने वाली है, इसके लिए प्रक्रिया चल रही है।