कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश कोआर्डिनेटर फैसल खां लाला ने कहा है कि उनकी फैक्ट्री में आग लगाए जाने और मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने को लेकर वो जल्द ही प्रदेश के राज्यपाल से मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि सूबे में आपातकाल जैसे हालात हैं। उनका उत्पीड़न किया जा रहा है।रामपुर में जो भी जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने की कोशिश करता है उसकी आवाज दबाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने कहा कि उनकी गैर मौजूदगी में उनकी फैक्ट्री में आग लगाई गई। उन्होंने आवाज उठाई तो उनके खिलाफ मानहानि की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
उधर, रालोद के जिलाध्यक्ष आसिम खां ने कहा है कि कांग्रेसी नेता फैसल खां लाला की फैक्ट्री में आग लगने की घटना की जांच होनी चाहिए। मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई साक्ष्य न होने के बाद भी प्रशासन राजनीतिक दबाव में फैसल लाला का उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने कहा कि मानहानि की रिपोर्ट दर्ज होना भी दुर्भाग्यपूर्ण है।