शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार से गुरुवार तक बिजली संकट रहेगा। मुरादाबाद से आ रही एचटी लाइन के टॉवर मेंटीनेंस कार्य के कारण तीन दिन तक शहर को मुरादाबाद से मिलने वाली बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इस कारण शहर में तीन-तीन घंटे के शेड्यूल में बिजली सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए शहर के बिजलीघरों को दो जगह बांटा गया है।
जिले में शहर और आसपास के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई के लिए मुरादाबाद से आपूर्ति आती है। मंगलवार से रामपुर-मुरादाबाद की एचटी लाइन नंबर 71 में टॉवर मेंटीनेंस का कार्य किया जाएगा। इसके लिए रामपुर-मुरादाबाद का 132 केवी बिजलीघर शट डाउन में रहेगा।
टॉवर मेंटीनेंस के कारण शहर के लोगों को मंगलवार से गुरुवार तक बिजली किल्लत का सामना करना पड़ेगा। शट डाउन के दौरान शहर के बिजलीघर क्षेत्रों में तीन-तीन घंटे के शेड्यूल में बिजली सप्लाई दी जाएगी।
एक्सईएन प्रथम एसके पांडे ने बताया कि इसके लिए सिविल लाइंस, अजीतपुर, बिलासपुर गेट, शाहबाद गेट, पहाड़ी गेट व पटवाई बिजली घर की आपूर्ति को एक शेड्यूल में और डूंगरपुर, रजा इंटर कालेज, किला, नवाब गेट, पांच एमवीए 384 (पनवड़िया) व स्वार बिजलीघर को दूसरे शेड्यूल में रखा गया है। तीन दिन तक चलने वाले मरम्मत कार्य के दौरान इन दोनों क्षेत्रों में बारी-बारी से तीन-तीन घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी।