रामपुर। शहर में बारिश के कारण कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। शाहबाद गेट पर करीब चार घंटे, डूंगरपुर में पांच घंटे और ज्वालानगर में दो घंटे के लिए बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे लोगों को परेशानी हुई।
सुबह करीब आठ बजे से काली घटाएं छाने के साथ तेज बारिश हो गई, जिसके तुरंत बाद कई इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश के बीच सप्लाई न आने से लोगों के घरों की मोटर भी नहीं चल सकी, जिससे लोगों को अपने नियमित कार्य करने में परेशानी हुई। काली घटाओं के बीच बिजली गुल होने से लोगों के घरों में अंधेरा छा गया। बारिश रुकने के बाद सप्लाई सुचारू हो सकी। बिजली अधिकारियों का कहना है कि बारिश की वजह से शटडाउन लिया गया था।