भोट (रामपुर)। विद्युत लाइन में पेड़ गिरने के कारण बिजलीघर स्थित 5 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी कमी आने से भोट बिजलीघर के क्षेत्र में आने वाले 85 गांवों और मझरों में विद्युतापूर्ति ठप हो गई। सूचना पर बिजलीघर पहुंची विभागीय टीम ने रात में दूसरे ट्रांसर्फामरों से लाइन को जोड़कर विद्युतापूर्ति सुचारुकी। इस दौरान करीब 10 घंटे तक पूरे क्षेत्र में विद्युतापूर्ति बाधित रही और रात दस बजे बाद भी प्रत्येक फीडर को एक-एक घंटे के रोस्टर से ही बिजली आपूर्ति मिल सकी।
बुधवार की दोपहर करीब एक बजे थाना क्षेत्र के मोतियापुरा गांव निवासी किसान शेरा सिंह द्वारा अपने खेत में पेड़ों का कटान किया जा रहा था। इसी दौरान एक पेड़ पास से ही गुजर रही विद्युत लाइन पर गिर गया। लाइन में पेड़ गिरने से एक पोल टूट गया और अचानक फाल्ट होने से बिजलीघर स्थित 5एमवीए के ट्रांसफार्मर में तकनीकी कमी आ गई जिससे बिजलीघर के साथ-साथ क्षेत्र के 85 गांवों व मझरों में बुधवार दोपहर करीब एक बजे विद्युतापूर्ति ठप हो गई। बिजलीकर्मियों की सूचना पर एसडीओ इमरान खान, एसडीओ टेस्ट मनोज कुमार ,अवर अभियंता चंद्रिका यादव राजवीर सिंह विभागीय टीम के साथ भोट बिजलीघर पहुंच गए व किसी तरह दो अन्य ट्रांसफार्मरों से लाइन जोड़कर करीब रात दस बजे विद्युतापूर्ति बहाल की गई लेकिन एक ट्रांसफार्मर की तकनीकी कमी सही न हो पाने के कारण ओवरलोड की समस्या आ गई। जिस पर तकनीकी टीम ने रात भर प्रत्येक फीडर की रोस्टिंग कर एक एक घंटे के लिए विद्युतापूर्ति बहाल कराई। गर्मी के बीच करीब 10 घंटे तक विद्युतापूर्ति ठप रहने से तमाम ग्रामीण रात में ही बिजलीघर पहुंच गए व रोष जताते हुए विद्युतापूति बहाल करने की मांग की। वहीं गुरुवार सुबह विभागीय टीम फिर भोट बिजलीघर पहुंची व 5एमवीए ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी समस्या के समाधान में पूरा दिन जुटी रही।एसडीओ इरफान खां ने बताया कि विद्युत लाइन में पेड़ गिरने से बिजलीघर में फाल्ट होने के कारण विद्युतापूर्ति ठप हो गई है। विभागीय टीम द्वारा फाल्ट को सही किया जा रहा है।