आयोग के चुनावी कार्यक्रम के अनुसार देशभर में चार जून को मतगणना होगी। वोटों की गिनती के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। रामपुर लोकसभा सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। तब से प्रशासन मतगणना की तैयारियां कर रहा था। अब मतगणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रशासन की ओर से चार जून को सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य कराया जाएगा।
मंडी समिति में होने वाली मतगणना की शुरुआत पहले डाक मतपत्रों की गिनती से होगी। मतपत्रों की गिनती के बाद ईवीएम से वोटों की गिनती शुरू होगी। गिनती के लिए विधानसभा क्षेत्रवार 14-14 टेबल लगाई जाएंगी। एक-एक टेबल एआरओ की होगी।
मतगणना का कार्य 31 राउंड तक चलेगा। प्रशासन की ओर से तैयार किए गए प्लान के अनुसार दोपहर तक परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके लिए प्रशासन की ओर से माकूल इंतजाम किए जा रहे हैं।
मतगणना स्थल पर रहेगी कड़ी सुरक्षा
नवीन मंडी समिति में होने वाली मतगणना को लेकर पुलिस प्रशासन ने भी अपने स्तर से तैयारियां की जा रही हैं। मतगणना को लेकर तीन स्तरीय सुरक्षा का इंतजाम किया जा रहा है। मतगणना स्थल पर पुलिस व पीएसी के साथ ही अर्द्धसैनिक बलों को लगाया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम कराने के लिए माथापच्ची की जा रही है। मतगणना स्थल के अलावा जिले भर में भी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे।
विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे प्रत्याशी
मतगणना के बाद चुनाव में विजयी प्रत्याशी अपनी जीत का जुलूस नहीं निकाल सकेंगे। इसको लेकर चुनाव आयोग ने आदेश भी जारी कर दिया है। जिसमें विजय जुलूस नहीं निकालने के आदेश दिए हैं।
डीएम जोगिंदर सिंह ने मतगणना को लेकर प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों को चुनाव आयोग की गाइडलाइन के बारे में समझाया गया है। जिसको लेकर किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश डीएम ने दिए हैं।
इन प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला
मोहिबुल्लाह नदवी सपा
घनश्याम लोधी भाजपा
जीशान खां बसपा
अरशद वारसी एमडीपी
महमूद प्राचा निर्दलीय
शिव प्रसाद निर्दलीय