रामपुर। तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ व थाना एएचटीयू की संयुक्त टीम ने स्कूलों के आसपास तंबाकू बेचने वालों पर कार्रवाई की। कार्रवाई की खबर से कई दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकान से तंबाकू उत्पाद छिपा दिए। इस दौरान टीम ने आठ दुकानदारों पर जुर्माना लगाया। चेतावनी दी कि दोबारा पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में आदेश बेअसर, स्कूलों के करीब बिक रहे तंबाकू उत्पाद शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें बताया गया था कि सरकार के आदेश के बाद भी जिले में सैकड़ों स्कूल के आसपास तंबाकू उत्पाद बिक रहे हैं और प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रहा है।
खबर प्रकाशित होने के बाद डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने जिले के सभी अधिकारियों पर शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में बुधवार को टीम ने शहर में अभियान चलाया।
टीम ने महर्षि विद्या मंदिर, व्हाइट हॉल प्ले स्कूल, सेंट पॉल स्कूल, ग्रीनवुड स्कूल, सेंट मैरी स्कूल, राजकीय रजा इंटर कॉलेज, राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय, रामलीला पब्लिक स्कूल, राजकीय रजा महाविद्यालय व सरस्वती विद्या मंदिर के आसपास जांच की। सरस्वती विद्या मंदिर के शिक्षकों एवं स्टाफ को कोटपा अधिनियम और तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।
जांच में विद्यालयों के आसपास तंबाकू बिक्री पाए जाने पर आठ दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया और भविष्य में तंबाकू उत्पाद बिक्री पर कठोर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि स्कूलों के पास तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई लगातार की जाएगी।