रामपुर। परिषदीय स्कूलों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। स्कूल स्तर पर 25 अक्तूबर तक प्रतियोगिताएं संपन्न कराने के आदेश जारी किए गए हैं।
बीएसए कार्यालय में मंगलवार को संशोधित वार्षिक खेल कार्यक्रम समय सारिणी जारी की गई। इस दौरान बीएसए राघवेंद्र सिंह ने विद्यालय स्तर से प्रदेश स्तर तक बालक-बालिकाओं के खेल-कूद एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन कराये जाने हेतु निर्देशित किया। बैठक में उपस्थित समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों, जिला समन्वयकों, व्यायाम शिक्षको स्काउट गाइड को निर्देश दिए कि 25 अक्तूबर तक स्कूल स्तर खेलकूद प्रतियोगिताएं कराने के आदेश दिए गए थे। संकुल स्तर 26 से 29 अक्तूबर तक प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। इसी तरह ब्लाक स्तर चार से छह नवंबर तक खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। 13 व 14 नवंबर को जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। बैठक में सर्वसम्मति से खंड शिक्षाधिकारी स्वदीप कन्नौजिया को क्रीड़ा सचिव नामित किया गया तथा बबीता सिंह को जनपदीय क्रीड़ा समिति का नोडल अधिकारी नामित किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि उच्च प्राथमिक स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता हेतु प्रत्येक छात्र-छात्रा का खेलो इंडिया एप पर पंजीकरण अनिवार्य है। इस दौरान जिला व्यायाम शिक्षक सलीम मियां ने बताया कि प्रतियोगिताएं समय सारणी के अनुसार संपन्न कराई जाएंगी।