फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur News: जौहर यूनिवर्सिटी समेत आजम खां से जुड़े ठिकानों पर ईडी के छापे

Thu, 20 Aug 2026 02:14 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
रामपुर। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छह टीमों ने बुधवार की सुबह सात बजे सपा नेता आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। इस दौरान ईडी की टीमों ने यूनिवर्सिटी से जुड़े दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को खंगाला। छापे की कार्रवाई देर रात तक जारी रही। ईडी की इस कार्रवाई से यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े लोगों में खलबली मची रही।
विज्ञापन

ईडी की टीमों ने जौहर यूनिवर्सिटी व उसके अंदर ही मौजूद ट्रस्ट कार्यालय के साथ साथ सपा नेता आजम खां के करीबी रहे सीके एसोसिएट ज्वाला पैलेस पीपलटोला, इसी फर्म के निदेशक पवन कुमार जैन के गंगापुर आवास विकास स्थित आवास, ठेकेदार शाईन और ए-एंड-एस एसोसिएट के ठिकानों पर भी छापे डाले। बताया जा रहा है कि सीके एसोसिएट और ए-एंड-एस एसोसिएट का जौहर यूनिवर्सिटी से पुराना जुड़ाव रहा है। इन संस्थाओं के माध्यम से यूनिवर्सिटी के भवनों के निर्माण से संबंधित कामकाज के साथ ही ट्रस्ट के हिसाब-किताब से जुड़े कार्य भी किए जाते रहे हैं। ऐसे में ईडी की कार्रवाई में इनसे संबंधित दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड भी जांच के दायरे में हैं।
ईडी ने बुधवार सुबह करीब सात बजे एक साथ सभी स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। छापे के लिए ईडी की छह टीमें लगाई गई हैं। यूनिवर्सिटी के अंदर दो टीमें लगी रहीं। टीमों ने संबंधित परिसरों में पहुंचकर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की। डिजिटल उपकरणों और कंप्यूटर में मौजूद रिकॉर्ड को भी टीमों ने खंगाला। कार्रवाई के दौरान आने-जाने वालों पर भी नजर रखी गई। बताते हैं कि आयकर विभाग को जौहर ट्रस्ट 494 करोड़ रुपये का हिसाब नहीं दे पाया है, जिस पर ट्रस्ट का पंजीकरण निरस्त कर दिया गया था। अब ईडी इसी धन के स्रोतों को लेकर जांच कर रही है। ईडी की यह कार्रवाई शहर विधायक आकाश सक्सेना की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले से जुड़ी बताई जा रही है। इस शिकायत के बाद ईडी ने मामले की जांच शुरू की थी।
विज्ञापन

ईडी ने दर्ज मामलों का मांगा था रिकॉर्ड
इससे पहले जांच के सिलसिले में ईडी ने आजम खां के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट और उनसे जुड़े मामलों का पुलिस से रिकॉर्ड मांगा था। इसके बाद बुधवार को ईडी की टीमों ने एक साथ पांच स्थानों पर छापे मारे। हालांकि, छापे में ईडी को क्या-क्या दस्तावेज या अन्य सामग्री मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह सामने आएगा कि किन दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन को जांच में शामिल किया गया है। कार्रवाई को लेकर रामपुर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।


क्या है मामला
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने वर्ष 2019 में आजम खां के खिलाफ विभिन्न मामलों में शिकायतें दर्ज कराई थीं। जौहर विश्वविद्यालय की वित्तीय गतिविधियों और अनियमितताओं से संबंधित जानकारी भी जांच एजेंसियों तक पहुंचाई गई थी। तब जांच एजेंसियों ने आकाश सक्सेना को आजम खां, पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और बेटा अब्दुल्ला आजम से जुड़े एक मामले में प्रथम शिकायतकर्ता के रूप में दर्ज किया। इसके बाद वर्ष 2023 में सपा नेता के खिलाफ कालेधन को लेकर आयकर विभाग ने छापे मारे थे। इसमें आयकर विभाग ने आजम खां के खिलाफ 700 से 800 करोड़ की देनदारी निर्धारित की थी। आयकर की जांच में भी सपा नेता और जौहर ट्रस्ट 494 करोड़ रुपये का हिसाब किताब नहीं दे सके थे, जिस पर आयकर विभाग ने भी शिकंजा कसा था।

कोट



सपा नेता आजम खां और उनके करीबियों के खिलाफ चल रही ईडी की कार्रवाई पूरी तरह से उचित है। इसमें कुछ ऐसी चीजें भी सामने आने की संभावना है, जो रामपुर के लोगों ने सोची भी नहीं होंगी। इसके अलावा आजम खां की काली कमाई के तार विदेशों से भी जुड़े हैं। जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा।
विज्ञापन

-आकाश सक्सेना, विधायक

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें