रामपुर। शाहबाद रोड पर मंगलवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा चालक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आगापुर निवासी मुलायम सिंह (70) ई-रिक्शा चलाते थे। मंगलवार देर शाम वह सवारी छोड़कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मिलक चिकना गांव के पास अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई, जबकि आरोपी वाहन चालक टक्कर मारकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।
सिविल लाइंस थाना प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।