रामपुर। मसवासी में खंड शिक्षा अधिकारी के आकस्मिक निरीक्षण के दौरान सोमवार को क्षेत्र का एक विद्यालय बंद मिला, जबकि बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं विद्यालय के गेट पर खड़े होकर अध्यापकों के आने का इंतजार करते रहे। मामले को गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह मसवासी स्थित कंपोजिट विद्यालय चाउपुरा प्रथम पर निर्धारित समय पर छात्र-छात्राएं विद्यालय पहुंच गए थे, लेकिन काफी देर तक विद्यालय नहीं खुला और कोई भी अध्यापक मौके पर नहीं पहुंचा।
करीब नौ बजकर बारह मिनट तक भी अध्यापक विद्यालय नहीं पहुंचे, जिससे बच्चे विद्यालय के मुख्य गेट पर ही खड़े रहे। इसी दौरान खंड शिक्षा अधिकारी फोटो लाल ने विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय बंद मिला और छात्र-छात्राएं बाहर खड़े दिखाई दिए। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रधानाचार्य से स्पष्टीकरण मांगा है। खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विद्यालय समय पर न खुलना और अध्यापकों का अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है। मामले में स्पष्टीकरण मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।