दुर्घटना में बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे, विरोध में सड़क पर उतरे अभिभावकों की डंपर चालक से नोकझोंक
संवाद न्यूज़ एजेंसी
स्वार। मिलक नौखरीद गांव के पास मंगलवार की सुबह घने कोहरे के बीच खनन से लदे डंपर ने सामने से आ रही स्कूली बस को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि दुर्घटना में बस में सवार बच्चे बाल-बाल बच गए, लेकिन हादसे के स्थल पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के बाद विरोध में सड़क पर उतरे अभिभावकों ने नारेबाजी के साथ जमकर हंगामा किया। हालांकि डंपर चालक के माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया। मामले की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।
दुर्घटना मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे चौकी क्षेत्र के गांव मिलक नौखरीद में हुई। इस दौरान घना कोहरा छाया हुआ था। बताया गया कि स्कूली बस बच्चों को लेकर मसवासी की ओर आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आए खनन लदे डंपर ने बस में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि किसी बच्चे के चोटिल होने की सूचना नहीं है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बच्चों के अभिभावक मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर तमाम लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। भीड़ ने डंपर और उसके चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित ग्रामीणों की चालक से नोकझोंक हुई। बाद में डंपर चालक द्वारा माफी मांगने पर उसे छोड़ दिया गया। इस संबंध में चौकी प्रभारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।