क्षेत्र के रहमतगंज गांव में बुधवार की रात शरारती तत्वों ने बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की स्थापित प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुरुवार की सुबह वे मौके पर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे। वे अवांछनीय तत्वों के खिलाफ शीघ्र ही कार्रवाई की मांग करने लगे। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को किसी तरह शांत कराया और प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। मसवासी-काशीपुर मार्ग स्थित गांव रहमतगंज तिराहे पर ग्रामीणों की ओर से कई वर्ष पहले बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी।
बुधवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा के एक हाथ को क्षतिग्रस्त करने के साथ अंगुली तोड़ दी। मामले की जानकारी होते ही गुरुवार की सुबह लोग पार्क के पास जुट गए। साथ ही प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इसके बाद नीतू आजाद, मनोज कुमार, सुनील कुमार, अरुण कुमार, विशाल कुमार आदि ने मामले की सूचना स्वार एसडीएम और कोतवाली प्रभारी को दी। इस पर दोनों अधिकारी मौके पर पहुंच गये। एसडीएम अभय कुमार गुप्ता ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की सूचना पर पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने आनन-फानन में राजमिस्त्री बुलाकर प्रतिमा की मरम्मत कराई। बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने की जानकारी होते ही बसपाई मौके पर पहुंच गए। बसपाइयों के पहुंचने से पहले ही प्रशासन अलर्ट हो गया।
मामला शांत होने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की सूचना पर बसपा विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गबड़ू सिंह सागर, महासचिव अनिल दिवाकर भारी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम और कोतवाली प्रभारी से वार्ता कर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जमील अंसारी, सुमित यादव, राजीव सागर, स्वतंत्र सागर, राम निवास, सुनील कुमार, प्रदीप कुमार, विशाल, दीपक, छोटू, मनोज, रामओतार, चेतन सिंह, मनोज कश्यप, पंकज सागर, नितू आजाद, धर्मपाल सिंह रहे।
स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र प्रभारी वकील अहमद के नेतृत्व में बसपा कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद पांडेय को सौंपा। इसमें उन्होंने कहा है कि प्रतिमा तोड़ने वालों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इस दौरान विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष गबड़ू सिंह सागर, हरि ओम मौर्य, हरी राम सागर, सुनील कुमार, पंकज सागर, छत्रपाल सिंह, गड्डू सागर, बख्तावर अली, मनोज कुमार, विशाल कुमार रहे।