शाहबाद। मित्रपुर गांव में पुलिया पर रेलिंग न होने के कारण बालक की नाले में गिरकर मौत के मामले में प्रशासन हरकत में आया है। खबर में पुलिया पर रेलिंग न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शनिवार शाम डीपीआरओ नत्थू लाल गंगवार ने ब्लॉक की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और ग्राम प्रधान को तत्काल रेलिंग लगवाने के निर्देश दिए।
मित्रपुर गांव निवासी मुशाहिद के आठ वर्षीय बेटे दाने आल रजा की नाले में गिरकर दर्दनाक मौत हो गई थी। गमगीन पिता ने बताया था कि यदि पुलिया पर रेलिंग होती, तो उनके बेटे की जान बच सकती थी। खबर में पुलिया पर सुरक्षा इंतजाम न होने की बात सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर संज्ञान लिया गया। ग्राम प्रधान इजमाम उल हक ने बताया कि शनिवार शाम डीपीआरओ मौके पर पहुंचे थे। प्रारंभ में उन्होंने बताया कि संबंधित पुलिया उनके विभाग के अंतर्गत नहीं आती, बल्कि यह पीडब्ल्यूडी की है, लेकिन इसके बावजूद जनहित को ध्यान में रखते हुए ग्राम प्रधान को पुलिया पर रेलिंग लगवाने के निर्देश दिए गए हैं। अब जल्द ही पुलिया पर रेलिंग लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।