बिलासपुर (रामपुर)। कोतवाली क्षेत्र में नैनीताल हाईवे स्थित बंगाली कॉलोनी मोड़ के पास बुधवार सुबह करीब छह बजे चालक को नींद की झपकी आने से डबल डेकर एसी बस ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी।
टक्कर के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गए। हादसे में बस चालक और ट्रैक्टर पर बैठा एक किशोर घायल हो गया, जबकि बस में सवार करीब 20 यात्री सुरक्षित हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर यातायात सामान्य कराया।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली से करीब 20 यात्रियों को लेकर काठगोदाम जा रही डबल डेकर एसी बस जैसे ही बंगाली कॉलोनी मोड़ पर पहुंची, तभी हल्द्वानी निवासी चालक फहीम को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे बस आगे चल रही इंटरलॉकिंग ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली उछलकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर डायल-112 पुलिस, रुद्र विलास चौकी प्रभारी योगेश कुमार और कोतवाली प्रभारी जीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल बस चालक फहीम और ट्रैक्टर पर बैठे ग्राम कोठा जागीर निवासी किशोर करन को उपचार के लिए उत्तराखंड बॉर्डर स्थित एक निजी अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों खतरे से बाहर हैं। ट्रैक्टर चालक रामदास और ट्रैक्टर पर बैठे अर्जुन निवासी ग्राम कोठा जागीर हादसे में बाल-बाल बच गए।
हादसे के कारण नैनीताल हाईवे पर कुछ देर जाम की स्थिति रही। पुलिस ने पहले यात्रियों को दूसरे वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को हाईवे से हटवाया। करीब आधे घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। बस में चालक सहित करीब 20 यात्री सवार थे। सभी यात्री सुरक्षित रहे और उन्हें दूसरे वाहनों से रवाना कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए बस के शीशों के जरिए अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घबराए लोगों को संभाला।
वर्जन-
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को अचानक नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। -हर्षिता सिंह, सीओ, बिलासपुर