बिलासपुर सीएचसी पर तैनात डा. अमरीश की मौत की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद भी नहीं सुलझ सकी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार डा. अमरीश की मौत की प्रथम दृष्टया वजह शरीर में आक्सीजन की कमी मानी जा रही है। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कोई भी कारण स्पष्ट नहीं हो सका। विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।
बिलासपुर सीएचसी में तैनात डा. अमरीश का शव सोमवार को उनके बाथरूम में मिला था। डा. अमरीश के परिजन उनसे फोन पर संपर्क कर रहे थे, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो रहा था। परिजन किसी अनहोनी की आशंका के चलते घबरा गए और सीएचसी पर तैनात अन्य स्टाफ को इसकी जानकारी देते हुए डा. अमरीश से संपर्क करने के लिए कहा।
जब डा. अमरीश के कमरे का दरवाजा तोड़कर लोग अंदर पहुंचे तो बाथरूम में उनका शव मिला। सूचना पर परिजन भी रामपुर पहुंच गए। एसपी साधना गोस्वामी और सीएमओ डा. शंकर लाल सारस्वत भी मौके पर पहुंचे। डा. अमरीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।
पोस्टमार्टम में मौत की कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। डा. अमरीश के सभी अंग कंजेक्शन की स्थिति में थे और उनके हृदय में चॉकलेटी रंग का रक्त पाया गया। कई बिंदुओं के आधार पर परीक्षण कर पोस्टमार्टम के बाद भी कोई स्पष्ट वजह नहीं आई।
शरीर के अंगों के कंजेक्शन की अवस्था में पाए जाने पर माना जा रहा है कि शरीर में आक्सीजन की कमी के कारण उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत की स्पष्ट वजह जानने के लिए विसरा सुरक्षित कर लिया गया है।