सैदनगर क्षेत्र के लालपुर में कोसी नदी का बढ़ा जलस्तर।फोटो-संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RAMPUR
रामपुर। कोसी नदी के पुल निर्माण को लेकर डीएम ने शासन को रिपोर्ट भेजी है। उन्होंने पुल निर्माण में आ रही दिक्कतें और पुल न होने की वजह से लोगों की परेशानियों के बारे में भी बताया है। साथ ही विभिन्न संगठनों की ओर से पुल ले निर्माण के लिए दिए जा रहे ज्ञापन भी प्रेषित किए हैं।
कोसी नदी पर नवाबी दौर में बना लोहे का पुल उस समय के हिसाब से आवागमन के लिए सही था, लेकिन गुजरते दिनों के साथ आबादी बढ़ गई। ऐसे में छोटा पुल होने की वजह से यह नाकाफी था। एक बार में दोनों तरफ से चार पहिया वाहन तक नहीं निकल पाते थे, जिस वजह से कई बार तो जाम के हालात बन जाते थे। वहीं, वर्षों पहले बना यह पुल जर्जर हो चुका था, जिसके बाद 2016 में नवाबी दौर के पुल को तोड़ दिया गया और नए पुल के निर्माण की कवायद शुरू हुई। 315 करोड़ रुपये की लागत के इस प्रोजेक्ट के लिए शासन ने तब 128 करोड़ रुपये जारी कर दिए थे। यह धन खर्च हो चुका है, जिससे कोसी नदी में पिलर आदि बनकर तैयार हो गए हैं, लेकिन शेष धन न मिलने की वजह से आगे का काम रुका हुआ है। ऐसे में लकड़ी का अस्थायी पुल बनाकर लोगों के आवागमन की व्यवस्था की गई थी, जिससे लोग आते एवं जाते थे। लेकिन, बरसात से पहले ही अस्थायी पुल को हटा दिया गया है।
यह अस्थायी पुल हटने की वजह से टांडा से आने जाने वाले लोगों की दिक्कतें बढ़ गईं हैं। दरअसल, टांडा आने जाने के लिए अब लोगों को करीब 40 किलोमीटर अधिक दूूरी तय करनी होगा। इससे लोगों का समय और पैसा भी अधिक खर्च होगा। लिहाजा, लोगों की समस्या के मद्देनजर विभिन्न संगठनों की ओर से मांग की जा रही है कि पुल का शीघ्र निर्माण हो, जिससे लोगों को राहत मिल सके। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह ने पुल निर्माण को लेकर शासन को रिपोर्ट भेजी है।