टांडा (रामपुर)। नगर के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर पति पर तलाक देकर मार पीटकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी तीन दिसंबर 2023 को नगर के एक मोहल्ला निवासी युवक के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति व ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पांच लाख रुपये और बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उसे बेल्टों और बिजली के तारों से पीटा गया। गर्भवती होने पर भी उसे लात-घूंसों से मारा गया, जिससे उसका गर्भपात हो गया। ननदोई उस पर बुरी नजर रखता था और छेड़खानी करता था।
आरोप है कि तीन जुलाई को पति ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। सास और अन्य ससुरालीजनों ने भी लाठी-डंडों से हमला किया। इस दौरान खलिया ससुर और ननदोई ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। किसी तरह घर से बाहर भागी। आसपास के लोगों ने उसकी मदद की। सास के कहने पर पति ने तीन बार तलाक कहकर उसे घर से निकाल दिया। आरोप है कि उसका पति अपनी पहली पत्नी को जहर देकर मार चुका है और अब उसे भी जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसके किसी अन्य महिला से संबंध भी बताए जा रहे हैं। इस संबंध में सीओ टांडा कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टांडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।