राजकीय रजा कालेज में परीक्षा के दौरान हंगामा हो गया। कक्षा में इधर उधर घूमने पर शिक्षक ने आपत्ति जताई तो छात्र ने ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक के साथ हाथापाई कर दी, जिससे अफरातफरी मच गई। अन्य छात्रों और शिक्षकों ने छात्र को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। बाद में पुलिस ने छात्र को बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिया।
रजा डिग्री कालेज में विश्वविद्यालय की परीक्षा चल रही है। परीक्षा तीनों पालियों में कराई जा रही है। बुधवार को पहली पाली में एमकॉम की परीक्षा थी। परीक्षा के दौरान एक छात्र ने अपनी उत्तर पुस्तिका जमा कर दी। इसके बाद वो क्लास में घूमने लगा।
ड्यूटी पर तैनात कक्ष निरीक्षक ने इस पर आपत्ति जताई। इस पर छात्र का पारा चढ़ गया। पहले दोनों के बीच जमकर तकरार हुई। इसके बाद छात्र ने शिक्षक के साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी, जिस पर हंगामा खड़ा हो गया। हंगामा होते देख अन्य छात्र और शिक्षक भी आ गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
कालेज के शिक्षकों ने आरोपी छात्र को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया। बताया जाता है कि छात्र ने शिक्षक से माफी मांग ली। वहीं, पुलिस और कालेज प्रशासन ने मारपीट की घटना से इंकार किया है। शिक्षकों का कहना था कि हंगामा हुआ था, लेकिन मारपीट की बात नहीं थी।