रामपुर। बुधवार सुबह नौ बजे सिविल लाइंस रोड पर एक कार डिश के तार से टकरा गई। इससे तार टूट गया और 11 हजार की हाईटेंशन लाइन पर गिर गया, जिससे सिविल लाइंस के साथ शौकत अली रोड तक बिजली सप्लाई ठप हो गई। पांच घंटे सप्लाई ठप होने से लोगों को खूब परेशानी हुई। इसके बाद टीम के पहुंचने पर सप्लाई सुचारू हो सकी।
सिविल लाइंस रोड पर एक कार बरेली की तरफ से आ रही थी। इस दौरान सड़क पर डिश का तार लटका हुआ था जोकि कार से जा टकराया। जिसके बाद यह तार टूटकर यहां से गुजर रही 11 हजार की लाइन से टच हो गया और टूटकर गिर गया, जिससे तेज चिंगारी निकलने के साथ बिजली सप्लाई ठप हो गई।
बिजली सप्लाई सिविल लाइंस से शौकत अली रोड तक ठप रही। जिससे सुबह से लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। पारा अधिक होने के कारण लोगों को गर्मी सताने लगी। कई बार लोगों ने बिजलीघर से संपर्क साधा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।
सूचना के बाद सिविल लाइंस बिजलीघर की टीम ने मौके पर जाकर बिजली का तार दुरुस्त कराया। जिसके बाद दोपहर दो बजे तक सप्लाई सुचारू हो सकी।