जिले में तीन नए डेंगू पीड़ित सामने आए हैं। इनमें एक सीआरपीएफ कर्मी का बेेटा भी शामिल है। डेंगू पीड़ितों में दो युवक और एक महिला शामिल है। तीनों डेंगू पीड़ितों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। जिले में डेंगू का कहर का थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में तीन और बुखार पीड़ित डेंगू के डंक की चपेट में आ गए हैं।
सीआरपीएफ कालोनी निवासी हरजीलाल के बेटे दिनेश में डेंगू पॉजीटिव पाया गया है। दिनेश कक्षा 11 का छात्र है। निजी लैब में एंटी डेंगू वायरस एनएस-1 पॉजीटिव पाया गया है। परिजनों ने उसे बुधवार रात जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया।
वहीं, शाहबाद गेट निवासी मोहसिन पुत्र परवेज खां को भी डेंगू की आशंका में जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया है। परिजनों के मुताबिक डाक्टरों ने मोहसिन को भी डेंगू पीड़ित बताया है। उन्होंने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। स्वार के रसूलपुर मोहल्ला निवासी अतीक की पत्नी नीलोफर में डेंगू पॉजीटिव पाया गया है।
नीलोफर में डेंगू की तीन स्टेजों में से दो स्टेज पॉजीटिव पाई गई हैं। उत्तराखंड की एक लैब में कराई गई जांच की रिपोर्ट के आधार पर परिजनों ने नीलोफर को गुरुवार दोपहर जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया है। सीएमएस डा. आरके ढल ने बताया कि सभी डेंगू पीड़ितों को समुचित उपचार दिया जा रहा है।