ग्राम समाज की भूमि पर बिना अनुमति धर्मस्थल के निर्माण का एक ही समुदाय के दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया। सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एसडीएम फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों की मदद से निर्माण का तुड़वा दिया। इस मामले में ग्राम प्रधान गुले शादाब की ओर से पांच के खिलाफ तहरीर दी गई।
तहसील क्षेत्र के गांव मिलककाजी में कुछ दिनों से ग्राम समाज की खाली पड़ी आराजी पर एक समुदाय ईदगाह का निर्माण करा रहा था। साथ ही निर्माण के लिए चंदा मांगना भी शुरू कर दिया तो उसी समुदाय के दूसरे पक्ष ने चंदा देने से इंकार करते हुए इस भूमि में कब्र होने का हवाला देते हुए ईदगाह का निर्माण कराने से मना किया। बताते हैं कि इस पर उक्त लोगों ने भूमि पर खड़े पापुलर के पेड़ों को बेचने का प्रयास किया। इस पर सोमवार को दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।
किसी ने मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को दे दी। सूचना पर एसडीएम अभय गुप्ता एवं कार्यवाहक कोतवाल नरोत्तम सिंह भारी पुलिस बल को लेकर गांव पहुंच गए और अवैध रूप व बिना अनुमति के बनाई जा रही ईदगाह का निर्माण रुकवा दिया। इसी बीच आरोपी वहां से निकल गए। एसडीएम ने ग्राम प्रधान पति मोहम्मद आरिफ सहित अन्य लोगाें को निर्माण को ढहाने के निर्देश दिए। जिस पर ग्रामीणों ने निर्माणाधीन ईदगाह को गिरा दिय। जिससे पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली।