टांडा। तहसीलदार की कार्यप्रणाली और लंबित समस्याओं को लेकर बार वेलफेयर एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का आक्रोश बृहस्पतिवार को खुलकर सामने आया। अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए 9 व 10 जुलाई को न्यायिक कार्यों के पूर्ण बहिष्कार का एलान किया।
बार वेलफेयर एसोसिएशन का आरोप है कि तहसीलदार कोर्ट में व्याप्त समस्याओं को लेकर अधिवक्ता 22 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस संबंध में 4 जुलाई को एसोसिएशन के अध्यक्ष सतपाल सिंह चौहान और महासचिव प्रथी सिंह सैनी ने एसडीएम को ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की थी।
एसोसिएशन का कहना है कि एसडीएम ने 8 जुलाई को तहसीलदार को बार पदाधिकारियों के साथ वार्ता कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद तहसीलदार ने अब तक वार्ता नहीं की। इससे अधिवक्ताओं में रोष और बढ़ गया है। इसी के विरोध में अधिवक्ताओं ने 9 व 10 जुलाई को न्यायिक कार्यों के पूर्ण बहिष्कार का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बृहस्पतिवार को अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों का ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। इस मौके पर खुर्शीद अहमद, लईक, अनिल कुमार भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
तहसीलदार अविनेश कुमार ने कहा कि सरकारी कार्य समय से किए जा रहे हैं। वकीलों को यदि कोई समस्या है तो वह वार्ता कर सकते हैं।