रामपुर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर सरकारी कर्मचारियों ने अपने परिजनों संग मांग उठाई। सुबह से शाम तक पुरानी पेंशन से वंचित सरकारी कर्मियों, उनकी संतानों व अभिभावकों ने पुरानी पेंशन की मांग करते हुए ट्विट किया। इसके साथ ही फेसबुक व व्हाट्सएप पर फोटो साझा कर पुरानी पेंशन की मांग की।
गांधी जयंती के अवसर पर पुरानी पेंशन से वंचित कर्मियों ने नई पेंशन स्कीम को वापस लेने और पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करने की मांग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स पर अभियान चलाया। इस अभियान में तमाम उन सरकारी कर्मियों ने भी साथ दिया, जो कि पुरानी पेंशन योजना के तहत लाभांवित हैं। कर्मियों ने एकजुटता के साथ पुरानी पेंशन लागू करो, नई पेंशन खत्म करो की मांग हैशटैग के साथ ट्रेंड की। कई कर्मियों ने अपने बच्चों की भावुक अपील और अपनी वृद्धावस्था का एकमात्र सहारा बताते हुए पुरानी पेंशन की मांग की। इसको लेकर कई शिक्षकों ने अलग-अलग ग्रुप में भी शिक्षकों व अन्य कर्मियों से अपील की और पुरानी पेंशन की मांग को मजबूती से उठाने को कहा। सुबह से लेकर शाम तक लगातार ट्विटर से लेकर फेसबुक और व्हाट्सएप पर पुरानी पेंशन की मांग ट्रेंड होती रही। ट्विटर ट्रेंड पर पुरानी पेंशन की मांग को जिले से भी हजारों अकाउंट्स से उठाया गया। सैकड़ों शिक्षकों के साथ हजारों कर्मियों ने अलग-अलग हैशटैग के साथ पुरानी पेंशन की मांग की।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला सह संयोजक रविन्द्र गंगवार ने कहा कि देश में एक विधान एक संविधान है तो विधायक-सांसद को एक और एक से अधिक पेंशन दी जाती हैं वो भी पुरानी पेंशन के आधार पर तो अपने जीवन के 30 से 35 साल सेवा करने वाले सरकारी कर्मी को क्यों पुरानी पेंशन से वंचित किया गया। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर आज प्रदेशभर में अभियान चलाया गया। जिसमें रामपुर में भी हजारों कर्मियों ने पुरानी पेंशन की मांग उठाई है।