टांडा। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जीआईसी रामपुर रोड के सामने पूर्व में तोड़ी गई 24 दुकानों के किरायेदारों ने एडीएम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द नई दुकानें आवंटित किए जाने की मांग उठाई।
दुकानदारों ने बताया कि वर्ष 1986 में राजकीय इंटर कॉलेज की भूमि पर नगर पालिका परिषद टांडा द्वारा टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से 24 दुकानों का निर्माण कराया गया था। तभी से वे इन दुकानों में व्यापार कर अपने परिवारों का पालन-पोषण कर रहे थे।
दुकानदारों का आरोप है कि पूर्व डीएम ने यह आश्वासन देकर दुकानें तुड़वा दीं कि नगर पालिका परिषद टांडा की गाटा संख्या 904 पर नई दुकानें बनाकर प्रभावित दुकानदारों को दी जाएंगी, लेकिन करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उन्हें दुकानें उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। दुकानदारों ने प्रशासन से मानवीय आधार पर जल्द दुकानें आवंटित कराने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में शरीफ अहमद, जलीस, ईश्वर, मोहम्मद अशरफ, मोहम्मद अतीक, फिरासत अली, मोहम्मद शफीक, अतीक अहमद, गौहर अली, मोहम्मद सलीम समेत अन्य दुकानदार मौजूद रहे।