रामपुर। नगर पालिका परिषद रामपुर के निर्माण विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता नोमान खान ने ऑफलाइन टेंडरों में धांधली करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा गया है कि शासकीय नियमों के अनुसार एक लाख रुपये से अधिक लागत के टेंडर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन होने चाहिए। आरोप है कि चहेते ठेकेदारों को कमीशन लेकर बैकडेट और ऑफलाइन टेंडर बेचे जा रहे हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया से बचने के लिए बड़े प्रोजेक्ट्स को छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़ा जा रहा है।
नोमान खान ने सीएम से नगर पालिका के सभी ऑफलाइन टेंडरों की फाइलें जब्त कर सतर्कता विभाग से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ब्यूरो