नगर विकास मंत्री मोहम्मद आजम खां ने कार्यकर्ताओं को तसल्ली दी। बोले, पार्टी में मसले का हल शीघ्र निकल आएगा। अगर एक फीसदी मसले का कोई हल नहीं निकला है तो वह भाजपा को रोकने और आम आदमी के हित में अगला फैसला लेंगे।
नगर विकास मंत्री ने बुधवार को तोपखाना रोड स्थित कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की मीटिंग बुलाई। पार्टी में चल रहे घमासान के मद्देनजर यह मीटिंग अहम मानी जा रही थी। कयास लगाया जा रहा था कि आजम खां कोई बड़ा फैसला सुना सकते हैं। लेकिन, उन्होंने कार्यकर्ताओं को तसल्ली दी। बोले, वह डेढ़ दिन के लिए यहां आए हैं। कार्यकर्ता संयम बरतें। शीघ्र पार्टी में मसले का हल निकल आएगा। अगर एक फीसदी कोई मसला हल नहीं होता है तो वह भाजपा को रोकने और आम आदमी के हित का फैसला लेंगे।
उन्होंने पांच साल के दौरान शहर में जो काम कराए, उनसे रूबरू कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर भी निशाना साधा। कहा कि बादशाह( प्रधानमंत्री) और अमित शाह उनसे नाराज रहते हैं। क्योंकि बादशाह और अमित शाह यूपी को बर्बाद करना चाहते हैं। लेकिन वह यूपी को बचाना चाहते हैं और यूपी में भाजपा को वही रोक सकते हैं।
आजम खां ने कार्यकर्ताओं की भी तारीफ की। कहा कि वह आवाम के प्यार की बदौलत इस मुकाम पर खड़े हैं। उनकी आवाज पूरे प्रदेश में सुनी जाती है। भरोसा दिलाया कि मौका मिला तो पूरे जिले को मिसाली बनाएंगे। उनकी सरकार फिर बनेगी और फिर वह गरीबों के आंसू पोछेंगे। उन्होंने विरोधियों को सलाह दी। बोले, स्कूलों पर बुलडोजर चलवाने और रिक्शा वालों का कारोबार बंद कराने की धमकी देने वालों कुछ ऐसा करो, जिससे आवाम उनकी भी तारीफ करे।
इस मौके पर आजम खां के बेटे अब्दुल्लाह आजम, जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार, सलाहकार चिकित्सा शिक्षा, जिला पंचायत अध्यक्ष लाखन सिंह, मिलक विधायक विजय सिंह, एमएलसी घनश्याम सिंह लोधी, नगर पालिका चेयरमैन अजहर अहमद खां, आजम खां के मीडिया प्रभारी फसाहत अली खां शानू, सपा के नगराध्यक्ष आसिम राजा भी थे।