पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और तेज हवाएं चलने से मैदानी इलाकों का पारा गिर गया। शीत लहर और ठंड ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। धूप निकलने के बावजूद बुजुर्ग और स्कूली बच्चे ठिठुरते नजर आए। इधर, स्कूलों में छुट्टी नहीं होने से अभिभावकों में नाराजगी भी दिखाई दी।
पहाड़ों पर इन दिनों बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी का असर सीधे तौर पर रामपुर की आबोहवा पर दिखा। नैनीताल से महज सौ किलोमीटर दूर रामपुर में बुधवार को जबर्दस्त शीतलहर का प्रकोप दिखा। सुबह से ही बर्फीली हवाओं के झोंके लोगों को कंपकंपाते रहे। कड़ाके की ठंड के बीच ही बच्चे स्कूल तक ठिठुरते हुए पहुंच रहे थे। सर्द भरी हवाओं ने उनकी दिक्कत को बढ़ाकर रख दिया था। दिनभर चली हवाएं लोगों को परेशान करती रहीं।
हालांकि दिन भर धूप निकली रही, लेकिन धूप भी कड़ाके की ठंड ने लोगों को राहत नहीं दी। लोग दिन भर कांपते रहे। सुबह से रात तक बर्फीली हवाएं लोगों को परेशान करती रहीं। शाम होते ही बर्फीली हवाएं और तेज हो गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर लोग सिकुड़ते हुए सवारी का इंतजार करते रहे। दोनों जगहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं है। इसके अलावा शहर में भी कहीं अलाव नहीं दिखे।