फॉल्ट ठीक दौरान लाइन चालू होने से संविदाकर्मी करेंट की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौत हो गई। घटना से बिजली अफसरों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में परिजनों केे सूचना दी गई। इस पर गुस्साए परिजनों ने अस्पताल से लेकर बिजलीघर तक जमकर हंगामा किया। बिजली अफसरों ने परिजनों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। घटना की जांच एसडीओ को सौंपी गई है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सराय गेट निवासी चिरंजी किला बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के रूप में तैनात था। शुक्रवार रात किला परिसर के नर्सरी के निकट लगे ट्रांसफार्मर में आग लगने की सूचना आई। इस पर वह शटडाउन लेकर फॉल्ट सही करने चला गया। आरोप है कि शटडाउन की प्रक्रिया सही ढंग से पूरी नहीं हुई और करेंट चालू रहा। इससे चिरंजी करेंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया।
चिरंजी को जिला अस्पताल लाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया। मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों का गुस्सा भड़क गया। परिजनों ने जिला अस्पताल से लेकर किला बिजलीघर तक पर हंगामा किया। परिजनों ने शनिवार को बिजलीघर पर पहुंचकर भी काफी देर तक बिजली अफसरों के खिलाफ नारेबाजी की। परिजनों का गुस्सा देख बिजलीघर कर्मी भी मौके से खिसक लिए।
संविदाकर्मी की मौत के मामले में परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इस बीच एक पास में ही स्थित एक फिरासत नाम का व्यक्ति बाग की रखवाली कर रहा था। भीड़ देखकर वह भी वहां पर पहुंच गए। परिवार के लोगों ने शक होने पर पीटकर घायल कर दिया।