शाहबाद। मोहल्ला अफगानान के रहने वाले युवक शिवम (22) की फंदे पर लटकने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
शिवम की शादी बरेली निवासी मुस्लिम समुदाय की युवती समरीन से दो साल पहले हुई थी। शिवम और समरीन शाहबाद में ही रहते है। जबकि परिवार के अन्य सदस्य बरेली में रहते है। शिवम मछली बेचने का काम करता था। पत्नी समरीन के मुताबिक बुधवार रात को शिवम और उसके बीच विवाद हुआ था। पत्नी समरीन के मुताबिक शिवम ने उसे कमरे से बाहर निकाल दिया। जब समरीन ने खिड़की से अंदर झांका, तो शिवम साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था। पत्नी के मुताबिक वह किसी तरह दरवाजा खोलकर अंदर गई और शिवम को नीचे उतारा।
शोर सुनकर पड़ोसी भी पहुंच गए। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शिवम की मौत की सूचना पर परिवार के लोग शाहबाद पहुंच गए। शिवम की छह माह की मासूम बेटी चीकू है। सूचना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि युवक शिवम की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता लगेगा।
परिजनों ने बहू पर जताया शक
मृतक शिवम की मां अनिता देवी ने अपने बेटे की मौत का आरोप बहू पर लगाया है। मृतक की मां और पड़ोसियों का आरोप है कि शिवम को फंदे से आखिर नीचे किस तरह उतारा गया। मृतक की मां ने कहा कि उनके बेटे की मौत की जांच होनी चाहिए। मां ने बताया कि उनके बेटा परिवार में चार बहनों का अकेला भाई था और कमाने वाला भी अकेला था। संवाद