बिलासपुर। दलकी से बरेली जिले के बंजरिया को जाने वाली लिंक रोड करीब 50 साल बाद भी कच्ची ही है। इस रास्ते से रोजाना 20 से अधिक गांवों के सैकड़ों लोग गुजरते हैं। बरसात में कीचड़ के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है।
यह रोड दलकी से गोदी अहरो रोड क्रास कर बरेली जिले को जाने का शॉर्ट कट है। करीब 50 साल पहले कच्ची सड़क डाली गई थी, लेकिन पक्का निर्माण नहीं हो सका। 15 साल पहले मात्र 200 मीटर खड़ंजा डाला गया था, उसके बाद किसी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया।
इस रास्ते से छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से सड़क का शीघ्र निर्माण कराने की गुहार लगाई है।
0000
मैंने क्षेत्र में काफी विकास कार्य कराया है। मैं शीघ्र ही राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख से मिलकर इस रोड का भी निर्माण कराऊंगा, ताकि राहगीरों की परेशानी दूर हो सके। -कुलवंत सिंह औलख, ब्लॉक प्रमुख, बिलासपुर
00000000000000000000000
दलकी से बंजरिया जाने वाला रोड बीते काफी समय से कच्चा बना हुआ है। इस वजह से बरसात के दिनों में सभी राहगीरों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। -दुर्वेश कुमार, राहगीर
जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि वे इस रोड का निर्माण प्राथमिकता के साथ कराएं, ताकि सभी क्षेत्रवासियों को लाभ मिल सके। -सचिन कुमार, राहगीर
बरेली जिले को जाने वाला यह रोड कच्चा होने की वजह से लगातार हादसों को बढ़ावा दे रहा है। रोड का शीघ्र निर्माण होना चाहिए। -विकास कुमार, राहगीर
गर्मी के दिनों में इस रोड से उड़ने वाली धूल से सभी राहगीरों के कपड़े खराब हो जाते हैं और बीमार लोगों को बेहद दिक्कत होती है। इसलिए इस रोड का निर्माण शीघ्र होना चाहिए। -रामकिशोर, राहगीर
इस कच्ची रोड पर करीब 15 साल पहले करीब 200 मीटर खड़ंजे का निर्माण हुआ था। इसके बाद रोड का आज तक निर्माण नहीं हो सका है। शीघ्र इस रोड का निर्माण होना चाहिए। -नरेश कुमार गंगवार, राहगीर
इस रोड से होकर रोजाना विद्यार्थियों का स्कूल आना-जाना लगा रहता है। बरसात के दिनों में विद्यार्थियों की ड्रेस खराब हो जाती है, इसलिए इस रोड का निर्माण होना बेहद जरूरी है। -पवन कुमार, राहगीर