अरहर की दाल के बढ़ते दामों के बीच अब सरकार की ओर से सस्ती दाल की बिक्री
शुरू कर दी गई है। रामपुर में राज्य कर्मचारी कल्याण निगम की दुकान से
शुक्रवार को सस्ती दाल की बिक्री शुरू की गई है। पहले ही दिन बड़ी संख्या
में लोगों ने सस्ती दाल खरीदी।
बाजार में अरहर की दाल 210 रुपये से भी
ज्यादा की बिक गई थी। अरहर की दालों के बढ़ते दाम पर खूब हाय तौबा मची थी।
दीपावली से पहले इसको लेकर खूब बवाल हुआ था, जिसके बाद केंद्र सरकारों ने
राज्य सरकार के माध्यम से सस्ती दाल बेचने का एलान किया था। इसके एक माह
बाद अब आखिरकार सस्ती दाल की बिक्री शुरू कर दी गई है।
खाद्य एवं रसद विभाग
की ओर से राज्य कर्मचारी कल्याण निगम की दुकानों के माध्यम से सस्ती दाल
बेचने का काम शुरू किया गया। कलेक्ट्रेट स्थित निगम की दुकान से गुरुवार को
सस्ती दाल की बिक्री शुरू कर दी गई। नगर मजिस्ट्रेट मदन गर्बियाल एवं
एसडीएम सदर अरविंद कुमार मिश्रा ने सस्ती दाल की बिक्री के इस काउंटर की
शुरूआत की।
संचालक बृजेश कुमार शर्मा के मुताबिक यहां पर 120 रुपये
प्रतिकिलोग्राम के हिसाब से अरहर की दाल बेची जा रही है। प्रत्येक राशन
कार्ड से दो किलो दाल मिलेगी। विभाग की ओर से फिलहाल दस क्विंटल दाल आवंटित
की गई है। पहले ही दिन दुकान पर सस्ती दाल खरीदने को लोगों की भीड़ लगी
रही।