स्वार। रोजाना गैस वितरण के बावजूद नगर की गैस एजेंसियों पर भीड़ कम नहीं हो रही है। बुधवार को भी कतारबद्ध होकर सिलिंडरों का वितरण हुआ, लेकिन गैस कम पड़ गई और कई लोगों को बिना सिलिंडर लौटना पड़ा।
बुधवार सुबह से ही लोग अपने काम छोड़कर एजेंसियों पर पहुंच गए, जिससे खुलने से पहले ही लंबी कतारें लग गईं। मुंशीगंज रोड स्थित स्वार इंडेन गैस एजेंसी पर 360 सिलिंडरों की खेप आई, जो दोपहर एक बजे तक समाप्त हो गई, जबकि कतार बनी रही।
रामपुर रोड स्थित बिस्मिल्ला गैस एजेंसी, नरपतनगर की वसीम गैस एजेंसी समेत ग्रामीण क्षेत्र की अन्य एजेंसियों पर भी सिलिंडर लेने के लिए भीड़ रही।
इस बीच कई संगठनों ने एजेंसियों पर भीड़ कम करने के लिए होम डिलीवरी व्यवस्था दोबारा शुरू कराने की मांग की है। खिदमते अवाम युवा समिति के परवेज अख्तर और व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अनवर अली ने प्रशासन से गैस की होम डिलीवरी व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई है।