आधार कार्ड से किसान सम्मान निधि निकलने वाले किसानों की मंगलवार को डाकघर में भीड़ रही। ग्राहकों का कार्य निपटने के लिए अन्य उप डाकघर से दो कर्मचारी भी बुलवाए गए। शाम तक किसान खातों से रुपये निकालने के लिए लाइन में लगे रहे।
किसानों के खातों में किसान सम्मान निधि की राशि आ चुकी है। होली-रमजान सहित आगामी त्योहार के मद्देनजर लोगों ने जरूरतें पूरी करने के लिए खातों में आई सम्मान निधि को निकलना शुरू कर दिया है। मंगलवार को स्थानीय डाकघर में सुबह 10 बजे से ही किसानों की भीड़ लगने लगी थी। डाकघर में स्टाफ की कमी को देखते हुए पोस्ट मास्टर सत्यवीर गंगवार ने ग्रामीण क्षेत्र के उप डाकघर से दो कर्मचारियों को दोपहर करीब 12 बजे बुलाया था, ताकि वह ग्राहकों का कार्य शीघ्र निपटा सकें। शाम पांच बजे तक किसान आधार कार्ड के जरिए डाकघर में रुपये निकालते देखे गए।
पोस्ट मास्टर ने बताया कि किसान सम्मान निधि के रुपये किसान अगर प्राइवेट जन सेवा केंद्र से आधार कार्ड के जरिए निकलते हैं तो उन्हें कुछ शुल्क जन सेवा केंद्र संचालक को देना पड़ता है। लेकिन, डाकघर में आधार कार्ड के जरिए रुपए नि:शुल्क निकाले जाते हैं। उनसे कोई भी शुल्क नहीं दिया जाता है। इसलिए लोग यहां पर रुपये निकालने के लिए आते हैं।