नगर से सटे लक्खी बाग के पास किसानों की कई एकड़ जमीन पर खड़ी मिर्च और मैंथा की फसल को किसी शरारती तत्व ने खतरनाक केमिकल डालकर नष्ट कर दिया। सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो फसल को नष्ट होता देखकर परेशान हो उठे। किसानों ने कोतवाली में इसकी शिकायत की, तो पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से पूछताछ की। पुलिस खेतों में कैमिकल डालने वाले खुराफाती की तलाश कर रही है। वहीं किसान लाखों रुपये का नुकसान होने से परेशान हैं।
नगर शाहबाद के मोहल्ला भीतरगांव निवासी किसानों की लक्खी बाग के निकट जमीनें हैं जिसमें हरी मिर्च और मैंथा की खेती है। यहां मोर सिंह कीचार बीघे, छत्रपाल सिंहकी दो बीघे, राजवीर सिंह की आठ बीघे, होरीलाल बारह बीघे, ग्रीशपाल की दस बीघे की खेती है। इसमें हरी मिर्च और मैंथे की खेती की गई थी और फसल लहरा रही थी।
इसी दौरान किसी शरारती व्यक्ति ने इन किसानों के खेतों में कोई कैमिकल डाल दिया। शुक्रवार को जब यह किसान सुबह-सुबह अपने खेतों पर काम करने के लिए पहुंचे तब वहां का मंजर देखकर किसानों के होश उड़ गए। किसान एक-दूसरे से खेतों का हाल लेने लगे। खेतों में फसल को किसी ने भारी नुकसान पहुंचाया था। जिसमें पाया गया कि किसी के द्वारा खेतों में खतरनाक कैमिकल डाला गया है, और खेती खराबहोने लगी है। आनन फानन में सभी किसानों ने कोतवाली पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी।
किसानों ने और जांच कराकर उचित कार्यवाही मांग की है। किसानों ने बताया कि इस खेती में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। इस खेती में अब ग्लूकोज का छिड़काव कराया जा रहा है। शायद इस छिड़काव से फसल नष्ट होने से बच जाए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर किसानों के खेतों का मुआयना किया। पुलिस का कहना है कि शरारती तत्व को तलाश किया जा रहा है।