जिले में गुरुवार रात 12 बजते ही कैंप फायर के साथ क्रिसमस सेलीब्रेशन का दौर शुरू हो गया। प्रभु यीशु के अनुयायियों ने मसीह के जन्म की खुशियां मनाते हुए एक-दूसरे को हैप्पी क्रिसमस कहकर बधाई दी। गुरुवार रात में चर्चों में स्पेशल प्रेयर मीटिंग के बाद कैंप फायर हुआ।
अनुयायियों ने यीशु के जीवन से जुड़ी घटनाओं का मंचन किया। केक और चाकलेट खिलाकर एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। घरों में महिलाओं ने गुरुवार को दिनभर केक और अन्य पकवान बनाए गए। गुरुवार रात जैसे ही घड़ी ने 12 बजाए, प्रभु यीशु के अनुयायियों ने एक-दूसरे को हैप्पी क्रिसमस कह कर यीशु के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
चर्चों में स्पेशल प्रेयर मीटिंग हुई। अनुयायियों को यीशु का संदेश सुनाया गया। प्रेयर बाद चर्चों में ईसाई समाज के बच्चों और युवाओं ने प्रशु यीशु के जन्म, आदि घटनाओं का मंचन किया। नाचते हुए गिटार और ड्रम की धुन पर गीत गाए। सांता क्लॉज का रूप धरे अनुयायियों ने सबको गिफ्ट बांटे।
चर्चों में रात भर क्रिसमस कार्यक्रम चलते रहे। चर्चों में लगाई गई चरनी की झांकी को कैंडल से रोशन किया गया। बारह बजते ही अनुयायियों ने अपने परिजनों, मित्रों और रिश्तेदारों को मोबाइल फोन से मैसेज कर क्रिसमस डे की बधाइयां देना शुरू कर दिया।
सिविल लाइंस स्थित मैथोडिस्ट क्राइस्ट चर्च, आवास विकास स्थित कैथोलिक चर्च समेत शहर के सभी चर्चों में गुरुवार रात 12 बजे कैंप फायर के साथ क्रिसमस सेलीब्रेशन हुआ। दिन में घरों में क्रिसमस की रौनक रही। बच्चों ने घरों को क्रिसमस ट्री और लाइटिंग कर सजाया तो महिलाओं ने केक, गुंजिया, शक्कर पारे आदि पकवान बनाए।
बाजार में भी काफी रौनक रही और गिफ्ट स्टोर पर लोगों ने खरीदारी की। सबसे अधिक खरीदारी सांता क्लॉज ड्रेस, क्रिसमस ट्री, चॉकलेट और सॉफ्ट ट्वायज की हुई।