ढकिया गांव में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों में ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। तीन गृहस्वामियों के न होने के कारण उनके घर कितने रुपये व सामान की चोरी हुई यह पता नहीं चल सका है। जबकि दो घरों से चोरों ने हजारों का सामान समेट लिया। ग्रामीणों ने चोरी की घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है।
ढकिया गांव निवासी नरेश के भांजे की संभल जिले में शादी थी। जिसमें शामिल होने वह परिवार के साथ दो दिन पूर्व परमानंदपुर गांव गया था। आरोप है कि जब वह लौटकर आया तो उसके घर का ताला टूटा हुआ था। ताले तोड़कर चोरों ने घर से बर्तन, कपड़े सहित हजारों रुपये का सामान चुरा लिया।
वहीं चोरों ने गांव के ही मुकेश के घर का ताला तोड़कर भी एक कमरे से पंखा चोरी कर लिया। चंड़ीगढ़ मजदूरी करने गए पंकज, रामबहादुर, श्रीपाल के घरों के ताले तोड़कर भी चोरों ने हजारों रुपये का सामान साफ कर दिया। लेकिन घरवालों के न होने के कारण चोरी गए सामान की कीमत का पता नहीं लग सका है।
इसके साथ ही चोरों ने जाटवों के मुहल्ले में स्थित बौद्ध बिहार पर लगी सौर ऊर्जा व चौराहे पर लगी सौर ऊर्जा का बैट्री चोरी कर लिया। मुहल्ले वासियों ने चौकी पहुंचकर मुहल्ले के कई घरों में हुई चोरियों की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को सूचना दे दी है लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल तक नहीं की है। इसको लेकर मुहल्ले वासियों में पुलिस के खिलाफ रोष व्याप्त है।