मसवासी। तहसील क्षेत्र के गांव घोसीपुरा, पट्टी कला, करीमपुर, जमना जमनी, बेलबाड़ा, अकबराबाद आदि कोसी घाटों पर जेसीबी से अवैध खनन धड़ल्ले के साथ किया जा रहा है। प्रतिदिन ट्रकों, डंपरों, बैल बुग्गी और ट्रैक्टर ट्रालियां इस काम को अंजाम दे रही है।
दर्जनों वाहन कोसी नदी से रेता निकालकर रातों रात स्टोन क्रेशरों को ले जा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि कोसी घाट से खनन माफिया वाहनों में रेता भरकर ले जा रहे है। इसके चलते किसान पालेज की फसलें खराब हो रहीं हैं। जेसीबी और अन्य वाहन उनके खेतों से रेत निकालकर गुजर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन से शिकायत के बाद भी अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। अवैध खनन माफिया ने पट्टी कला कोसी पुल से लेकर अकबराबाद तक पांच किलोमीटर दायरे में कोसी नदी पर मशीनों के साथ अपना कब्जा जमा रखा है। प्रशासनिक अधिकारी सिर्फ खनन कारोबारियों पर कार्रवाई की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ने में लगे हैं।
एसडीएम अभय कुमार गुप्ता ने बताया कि खनन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। खनन कारोबारी ने लगभग 40 जेसीबी और पोपलेन के साथ कोसी नदी पर कब्जा जमा रखा है। मामले में कोई भी प्रशासनिक अधिकारी खुलकर बात करने को तैयार नहीं है।