धान भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी, इसमें एक शिक्षिका की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में लेकर शिक्षिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोहल्ला लक्ष्मीनगर निवासी सतीश रस्तोगी की पुत्री नंदनी उर्फ पूजा रस्तोगी (20) भोट थाना क्षेत्र के ग्राम नरखेड़ा स्थित निजी स्कूल में शिक्षिका थीं।
मंगलवार सुबह सात बजे वो बाइक से मोहल्ले के ही शिक्षक सुरेंद्र के साथ स्कूल जा रही थीं। मुख्य चौराहे पर रुद्रपुर की ओर से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक सवार दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख पुकार सुन चालक ट्रैक्टर-ट्राली छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों घायलों के परिजन भी पहुंच गए। परिजन घायलों को रुद्रपुर के अस्पताल ले गए। रास्ते में पूजा ने दम तोड़ दिया। मौत से पूरे घर में कोहराम मचा है। पुलिस ने मृतका के भाई अशोक रस्तोगी की ओर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। धान लदी ट्रैक्टर-ट्राली कब्जे में कर ली है।
हादसे की शिकार पूजा ने नवरात्र के पूरे व्रत रखे थे। परिजनों के मुताबिक पूजा पूरे घर की लाडली थी। छोटी होने के बावजूद मेहनत करने से नहीं डरती थी। निजी स्कूल में बच्चों को पढ़ाकर अपने बीमार पिता का इलाज करा रही थी। उसकी मौत से सभी सदमे में हैं।